Skip to content

Father’s Day – एक नाम, हज़ार एहसास

फादर्स डे, यह एक ऐसा खास दिन है, जो हमें अपने पिता के त्याग, प्रेम और संघर्ष को याद करने और उन्हें धन्यवाद कहने का मौका देता है। तो इस शानदार अवसर को हाथ से न जाने दें और पिता को कहे, वो जो उनके लिए आपके मन में है। चलिए जानते हैं इस खास दिन का इतिहास क्या है?

पिता अपने बच्चों के लिए एक ऐसी चट्टान हैं, जो अपने जीवित रहने तक बच्चों को हर बड़े तूफान से बचा लेती है। हर व्यक्ति की जिंदगी में पिता की भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है, जितनी मां की मौजूदगी जरूरी है। जिस तरह मां हमें जन्म देती हैं और प्यार से पालती हैं, उसी तरह पिता हमारे जीवन की नींव को मजबूत बनाते हैं। मां का प्यार नजर आता है, लेकिन पिता बिना जताए हमारे लिए दिन-रात मेहनत करते हैं। वे अपने बच्चों के सपनों को साकार करने में हर मुमकिन प्रयास करते हैं। ऐसे में उनके सम्मान के लिए हर साल “फादर्स डे” मनाया जाता है। चलिए जानते हैं फादर्स डे कब से और क्यों मनाया जाता है? और इस साल फादर्स डे कब सेलिब्रेट किया जाएगा।

फादर्स डे कब और क्यों मनाया जाता है?

हर साल मई महीने के दूसरे रविवार को मदर्स डे मनाया जाता है। इसी तरह से हर साल जून महीने के तीसरे रविवार को फादर्स डे मनाया जाता है। यानी साल 2025 में फादर्स डे 15 जून (रविवार) को मनाया जाएगा। फादर्स डे मनाने का मुख्य उद्देश्य पिता को सम्मान देना है। यह दिन हमें याद दिलाता है कि पिता भी एक खास भूमिका निभाते हैं – वे न सिर्फ घर चलाने वाले होते हैं, बल्कि बच्चों के जीवन के पहले मार्गदर्शक और हीरो भी होते हैं। यह दिन दुनियाभर में अलग-अलग तरीकों से मनाया जाता है, लेकिन तारीख ज्यादातर देशों में एक ही होती है। चलिए जानते हैं कैसे हुई इस दिन को मनाने की शुरुआत…

फादर्स डे की शुरुआत कैसे हुई?

फादर्स डे एक ऐसा दिन हैं , जो पिता को समर्पित हैं। यह दुनिया भर के कई देशों में पिताओं के सम्मान में मनाया जाने वाला अवकाश है। इसकी शुरुआत संयुक्त राज्य अमेरिका में हुई थी। फादर्स डे की शुरुआत का श्रेय अमेरिका की सोनोरा स्मार्ट डॉड नाम की महिला को जाता है। उनके पिता एक युद्ध सैनिक थे, जिन्होंने डोड और उनके पांच भाई-बहनों का पालन-पोषण किया, जब उनकी मां की प्रसव के दौरान मृत्यु हो गई थी। 1909 में मदर्स डे के दौरान उन्हें यह विचार आया कि जैसे मदर्स डे मनाया जाता है, क्यों न उसी तरह से फादर्स डे भी मनाया जाना चाहिए।

पहली बार कब सेलिब्रेट हुआ फादर्स डे?

स्थानीय धार्मिक नेताओं ने डोड के विचार का समर्थन किया। पहला फादर्स डे 19 जून 1910 को मनाया गया था, जो डोड के पिता के जन्मदिन का महीना था। हालांकि, इस छुट्टी को कुछ प्रतिरोध का सामना करना पड़ा, लेकिन यह हॉलीडे धीरे-धीरे पूरे देश में फैलने लगी। 1924 में अमेरिकी राष्ट्रपति कैल्विन कूलिज ने भी इसे अपना समर्थन दिया। वहीं, 1966 में राष्ट्रपति लिंडन बी. जॉनसन ने इस दिन को मान्यता देते हुए एक घोषणा की। यह 1972 में यूएस का नेशनल हॉलीडे बन गया, जब तत्कालीन राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन ने जून के तीसरे रविवार को फादर्स डे के रूप में नामित करने वाले कानून पर साइन किए।

पिता की भूमिका क्यों महत्वपूर्ण है?

सुरक्षा का एहसास: पिता बच्चों के लिए सुरक्षा की भावना लेकर आते हैं। जब पिता साथ होते हैं, तो बच्चे खुद को ज्यादा सुरक्षित और आत्मविश्वासी महसूस करते हैं।
आर्थिक आधार: पिता परिवार का आर्थिक आधार होते हैं। वे कड़ी मेहनत करके बच्चों की शिक्षा, जरूरतों और भविष्य के लिए पैसे जुटाते हैं।
अनुशासन और शिक्षा: पिता बच्चों को जीवन के अनुशासन और मूल्यों की सीख देते हैं। वे बच्चों को आत्मनिर्भर बनाना सिखाते हैं।
समय का महत्व: पिता बच्चों को समय का मूल्य, कड़ी मेहनत और जिम्मेदारी का सबक पढ़ाते हैं।

पापा – एक साधारण नाम, लेकिन असाधारण किरदार

पिता… एक ऐसा शब्द जो सिर्फ रिश्ते को नहीं, बल्कि पूरी ज़िंदगी को परिभाषित करता है। वो व्यक्ति जो कम बोलता है, पर हर दर्द चुपचाप समझ जाता है। पापा वो होते हैं जो खुद धूप में चलते हैं ताकि हमारे लिए छांव बची रहे।

वो पहले कदम, जो पिता के सहारे चले

जब हम चलना सीखते हैं, सबसे पहले किसी की उंगली थामते हैं – और वो उंगली पापा की होती है।
वो पहले दिन स्कूल छोड़ने जाते हैं, पीछे से आंखें नम कर लेते हैं लेकिन हमारे सामने मुस्कराते हैं।

उनकी वो छोटी-छोटी बातें – “धीरे चल”, “खुद संभाल”, “डर मत, मैं हूँ” – आज भी दिल में गूंजती हैं।

हर सपने के पीछे पिता का नज़रअंदाज़ किया गया सपना

हमारे स्कूल की फीस, नए जूते, होमवर्क में मदद, और कॉलेज की पढ़ाई – हर जगह उनकी छाया रही।
शायद हमने कभी नहीं पूछा कि उन्होंने अपने लिए क्या चाहा था, क्योंकि वो हमेशा हमारे लिए ही जीते रहे।

पापा ने कई बार अपनी खुशियाँ टाल दीं ताकि हमारी हसरतें पूरी हो सकें।

माँ की ममता अगर दीपक है, तो पापा की सीख वो लौ है

माँ जहाँ प्यार का सागर हैं, वहीं पापा उस किनारे की तरह हैं जो हमें दिशा देते हैं।

पापा हमें गिरने नहीं देते – और अगर गिर भी जाएँ, तो हमें मजबूत बनाना सिखाते हैं।

उनका ‘डांटना’ असल में ‘संभालना’ होता है, और उनका ‘सख्त होना’ उनके टूटने से पहले की ढाल।

पापा से जुड़ी कुछ अनकही बातें

वो फोन कभी नहीं करेंगे, पर हर बार पूछेंगे – “ठीक है सब?”

जब आप बीमार हों, तो चुपचाप पास आकर बैठेंगे।

आपके हर इंटरव्यू से पहले शायद वो खुद ज्यादा नर्वस हों।

पापा बहुत कुछ महसूस करते हैं, लेकिन कम कहते हैं – क्योंकि उनकी भाषा “कर्तव्य” की होती है, “शब्दों” की नहीं।

आज के दौर में पिता की बदलती भूमिका

पहले माना जाता था कि पिता केवल कमाने वाले होते हैं और मां ही बच्चों की देखभाल करती हैं। लेकिन कई पिताओं ने इस सोच को गलत साबित किया। आपने बॉलीवुड फिल्म दंगल तो देखी ही होगी, जिसमें पहलवान गीता और बबिता फोगाट की कहानी को फिल्माया गया है। देश की इन बेटियों के रेसलर बनने में सबसे बड़ा योगदान उनके पिता महावीर फोगाट का ही होता है।

ऐसे ही अमेरिकी टेनिस स्टार वीनस और सेरेना विलियम्स के पिता रीचर्ड विलियम्स ने बेटियों को उस मुकाम तक पहुंचाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाया और अपनी तरफ से कोई कसर बाकी नहीं रहने दी थी। देश-दुनिया में न जाने ऐसी कितने ही उदाहरण है, जिनकी आज भी मिसालें दी जाती है।

आजकल के पिताओं ने तो यह सोच पूरी तरह से बदलकर रख दी है। अब पिता भी बच्चों के साथ समय बिताते हैं, उनकी पढ़ाई, स्पोर्ट्स, हेल्थ और भावनात्मक स्थिति का भी पूरा ध्यान रखते हैं। आज के पिता ज्यादा संवेदनशील और भावुक हो गए हैं। वे बच्चों को सिर्फ डांटने वाले नहीं, बल्कि दोस्त की तरह समझाने वाले बन गए हैं।

फादर्स डे को यादगार कैसे बनाएं?

फैमिली के साथ मनाएं ये दिनः अगर दादा जी या नाना जी भी आपके साथ ही रहते हैं, तो उन्हें भी इस दिन शामिल करें। वे भी आपके पेरेंट्स के पिता हैं और उन्होंने उनका भविष्य संवारा है।
पिता को इस दिन रिलैक्स करने दें और उनके लिए सब कुछ आप करें। फादर्स डे केवल एक दिन नहीं, बल्कि हर उस पल का प्रतीक है, जब हमारे पिता ने हमारे लिए सब कुछ त्यागकर केवल हमारी खुशियों के बारे में सोचा। यह दिन हमें एक मौका देता है कि हम अपने पिता को बताएं कि हम उनके कर्जदार हैं और हम उनसे बहुत प्यार करते हैं।

एक बात और अपने पिता को धन्यवाद कह देने को हम चाहे तवज्जो न देते हो, लेकिन यह उनके लिए बहुत मायने रखती है। पिता के बिना किसी भी बच्चे की जिंदगी, सुख-दुख सब अधूरा होता है। तो इस फादर्स डे पर उन्हें खुश होने का एक खास मौका दीजिए, ताकि उन्हें महसूस हो कि उनकी मेहनत और प्यार को सराहा जा रहा है। उन्हें गले लगाइए और कहिए “पापा, आप मेरे हीरो हैं।”

 इस Father’s Day पर, कुछ और देना है…

Father’s Day पर सिर्फ गिफ्ट नहीं, एक “थैंक यू” भी देना चाहिए – वो भी दिल से।

एक बार गले लगाइए और कहिए –
“पापा, जो कुछ भी आज हूँ – आपकी वजह से हूँ।”

इस फादर्स डे 2025 को सिर्फ एक दिन की तरह मत देखिए,

बल्कि उस इंसान के जीवन का जश्न बनाइए जिसने आपको जीना सिखाया।

Happy Father’s Day 2025, पापा – आप हमारे पहले हीरो थे, और हमेशा रहेंगे।